🔊
दिल्ली का नया मुख्यमंत्री कौन होगा? आज होगा फैसला!
दिल्ली - के नए मुख्यमंत्री को लेकर सस्पेंस बुधवार को खत्म हो जाएगा। भाजपा के 48 नवनिर्वाचित विधायकों की अहम बैठक शाम को होगी, जिसमें विधायक दल के नेता का चयन किया जाएगा। इसके बाद पार्टी उपराज्यपाल वीके सक्सेना से मिलकर सरकार बनाने का दावा पेश करेगी।
गुरुवार को रामलीला मैदान में होगा शपथ ग्रहण समारोह
शपथ ग्रहण समारोह की तैयारियां जोरों पर हैं। गुरुवार दोपहर को रामलीला मैदान में मुख्यमंत्री समेत छह मंत्री शपथ लेंगे। भाजपा नेता उपराज्यपाल के साथ बैठक कर तैयारियों को अंतिम रूप दे रहे हैं। हालांकि, अब तक विधायक दल की बैठक के लिए भाजपा के राष्ट्रीय नेतृत्व ने कोई पर्यवेक्षक नियुक्त नहीं किया है।
शपथ ग्रहण की तैयारियों की कमान संभाल रहे विनोद तावड़े
सूत्रों के मुताबिक, भाजपा बुधवार सुबह विधायक दल की बैठक के लिए पर्यवेक्षक की घोषणा करेगी। इस बीच, भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव विनोद तावड़े, तरुण चुघ और दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने रामलीला मैदान का निरीक्षण किया। इसके बाद प्रदेश कार्यालय में बैठक हुई, जिसमें राष्ट्रीय संगठन महामंत्री बीएल संतोष भी शामिल हुए। बैठक के बाद तावड़े, चुघ और सचदेवा ने उपराज्यपाल वीके सक्सेना से मुलाकात की।
मुख्यमंत्री पद की रेस में कौन-कौन?
दिल्ली के नए मुख्यमंत्री के नाम को लेकर कई दावेदारों की चर्चा हो रही है। इस दौड़ में सबसे आगे प्रवेश वर्मा हैं, जिन्होंने नई दिल्ली से पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को हराया था। अन्य प्रमुख दावेदारों में पूर्व नेता प्रतिपक्ष विजेंद्र गुप्ता, नई दिल्ली नगर पालिका परिषद के पूर्व उपाध्यक्ष सतीश उपाध्याय, पूर्व प्रदेश संगठन महामंत्री पवन शर्मा और जम्मू-कश्मीर व गोवा के सह प्रभारी आशीष सूद शामिल हैं।
इसके अलावा भाजपा के राष्ट्रीय सचिव मनजिंदर सिंह सिरसा, रेखा गुप्ता, शिखा राय, अजय महावर, जितेंद्र महाजन, रविंद्र इंद्राज, कैलाश गंगवाल और करनैल सिंह सैनी के नाम भी चर्चा में हैं। यदि पार्टी किसी सांसद को मुख्यमंत्री बनाने का फैसला करती है, तो मनोज तिवारी भी इस दौड़ में शामिल हो सकते हैं।
भाजपा के राष्ट्रीय नेतृत्व के फैसले पर टिकी निगाहें
सभी की नजरें भाजपा के राष्ट्रीय नेतृत्व पर टिकी हैं, जो अंतिम फैसला करेगा कि दिल्ली की कमान किसे सौंपी जाए। बुधवार शाम को नए मुख्यमंत्री के नाम की घोषणा की जाएगी, जिसके बाद गुरुवार को भव्य शपथ ग्रहण समारोह आयोजित होगा।
#दिल्ली_मुख्यमंत्री #बीजेपी_दिल्ली #दिल्ली_राजनीति #रामलीला_मैदान #शपथ_ग्रहण #दिल्ली_चुनाव #वीके_सक्सेना #बीजेपी_नेतृत्व #कौन_बनेगा_CM #मनोज_तिवारी #प्रवेश_वर्मा