🔊
38वें राष्ट्रीय खेलों का भव्य समापन
हल्द्वानी (उत्तराखंड पोस्ट) – केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की उपस्थिति में अंतरराष्ट्रीय स्पोर्ट्स स्टेडियम, गोलापार, हल्द्वानी में 38वें राष्ट्रीय खेलों का समापन समारोह आयोजित किया गया। भारतीय ओलंपिक संघ की अध्यक्ष पी.टी. ऊषा ने खेलों के समापन की औपचारिक घोषणा की। इस अवसर पर गृह मंत्री अमित शाह ने प्रथम तीन स्थान प्राप्त करने वाले सर्विसेज, महाराष्ट्र और हरियाणा के खिलाड़ियों को सम्मानित किया।
उत्तराखंड में खेल इंफ्रास्ट्रक्चर का व्यापक विकास
गृह मंत्री अमित शाह ने उत्तराखंड के चारों धामों को नमन करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में प्रदेश के प्रत्येक जिले में खेल इंफ्रास्ट्रक्चर तैयार किया गया है। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड को राष्ट्रीय खेलों के नक्शे पर 25वें स्थान से 7वें स्थान पर लाने में मुख्यमंत्री धामी की अहम भूमिका रही है। गृह मंत्री ने प्रदेश के विजेता खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
उत्तराखंड की मेजबानी की देशभर में सराहना
गृह मंत्री शाह ने उत्तराखंड की आयोजन समिति और खेल संगठनों की सराहना करते हुए कहा कि पूरे देश में उत्तराखंड द्वारा किए गए शानदार आयोजन की प्रशंसा हो रही है। उन्होंने कहा कि भौगोलिक कठिनाइयों के बावजूद मुख्यमंत्री धामी के नेतृत्व में राज्य ने उत्कृष्ट खेल आयोजन किया है। शाह ने कहा कि खेल में हार और जीत महत्वपूर्ण नहीं होती, बल्कि खेल भावना सबसे अहम होती है। उन्होंने खिलाड़ियों से हार से सीख लेकर आगे बढ़ने का संदेश दिया।
पर्यावरण हितैषी राष्ट्रीय खेलों का सफल आयोजन
गृह मंत्री ने बताया कि मुख्यमंत्री धामी के नेतृत्व में इको-फ्रेंडली राष्ट्रीय खेलों का आयोजन किया गया। खेलों के दौरान खिलाड़ियों के नाम पर पौधारोपण किया गया और कई नए राष्ट्रीय रिकॉर्ड बने, जिससे अंतरराष्ट्रीय खेलों में भारत के लिए पदक जीतने की उम्मीद बढ़ी है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय खेलों की अगली मेजबानी मेघालय करेगा, जहां नॉर्थ ईस्ट के सभी राज्यों में कुछ खेलों का आयोजन किया जाएगा।
प्रधानमंत्री मोदी ने खेलों को नई दिशा दी
गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत के खेल क्षेत्र में व्यापक परिवर्तन हुआ है। खेलों में पारदर्शी चयन, बेहतर इंफ्रास्ट्रक्चर और प्रशिक्षण सुविधाओं से भारतीय खिलाड़ियों ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश का गौरव बढ़ाया है। उन्होंने कहा कि 2014 में खेल बजट 800 करोड़ था, जो 2025-26 तक 3800 करोड़ रुपये तक पहुंच जाएगा।
2036 ओलंपिक की मेजबानी के लिए तैयार भारत
गृह मंत्री ने कहा कि भारत 2036 में ओलंपिक की मेजबानी के लिए पूरी तरह तैयार है और इसमें उत्तराखंड के खिलाड़ी भी मेडल जीतकर तिरंगे का मान बढ़ाएंगे। उन्होंने उत्तराखंड द्वारा सफलतापूर्वक राष्ट्रीय खेलों के आयोजन को एक महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया।
शहीद जवानों को श्रद्धांजलि
गृह मंत्री ने पूर्व केंद्रीय मंत्री स्व. सुषमा स्वराज और पुलवामा के शहीद जवानों को श्रद्धांजलि दी। उन्होंने कहा कि पुलवामा हमले के बाद प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भारत ने एयर स्ट्राइक कर दुश्मनों को करारा जवाब दिया, जिससे दुनिया में भारत की ताकत को मान्यता मिली।
उत्तराखंड में खेलों से नई संभावनाओं की शुरुआत – मुख्यमंत्री धामी
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि 38वें राष्ट्रीय खेलों के उद्घाटन अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आशीर्वाद प्राप्त हुआ था और समापन पर गृह मंत्री अमित शाह का मार्गदर्शन मिल रहा है। उन्होंने कहा कि राज्य स्थापना के रजत जयंती वर्ष में पहली बार उत्तराखंड में राष्ट्रीय खेलों का आयोजन किया गया, जिसमें 16,000 से अधिक एथलीट्स ने भाग लिया और कुल 448 स्वर्ण, 448 रजत तथा 594 कांस्य पदक जीते।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड ने राष्ट्रीय खेलों को ग्रीन गेम्स थीम पर आयोजित किया, जिसमें प्लास्टिक का कम से कम उपयोग किया गया और बिजली के लिए सोलर एनर्जी का प्रयोग हुआ। पदक विजेताओं के नाम पर रुद्राक्ष के पेड़ लगाने का निर्णय लिया गया।
उत्तराखंड में स्थायी खेल इंफ्रास्ट्रक्चर विकसित किया जाएगा
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि राष्ट्रीय खेलों के आयोजन के दौरान अस्थाई निर्माण की बजाय प्रदेश में स्थायी खेल इंफ्रास्ट्रक्चर विकसित करने का प्रयास किया गया। उन्होंने कहा कि इन खेलों में उत्तराखंड ने 24 स्वर्ण पदकों सहित कुल 103 पदक जीतकर इतिहास रच दिया।
राष्ट्रीय खेलों की सफलता के लिए आभार
मुख्यमंत्री ने राष्ट्रीय खेलों की मेजबानी का अवसर देने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और खेल मंत्री मनसुख मांडविया का आभार व्यक्त किया। उन्होंने भारतीय ओलंपिक संघ, उत्तराखंड ओलंपिक एसोसिएशन, खेल विभाग और सभी वॉलंटियर्स का भी धन्यवाद दिया। साथ ही, प्रस्तावित 39वें राष्ट्रीय खेलों के लिए मेघालय को शुभकामनाएं दीं।
उत्तराखंड बना खेल भूमि – केंद्रीय खेल मंत्री
केंद्रीय खेल एवं युवा मामलों के मंत्री मनसुख मांडविया ने मुख्यमंत्री धामी को राष्ट्रीय खेलों के सफल आयोजन की बधाई दी। उन्होंने कहा कि अब उत्तराखंड सिर्फ देवभूमि ही नहीं, बल्कि खेलभूमि भी बन चुका है।
पी.टी. ऊषा ने की उत्तराखंड की सराहना
भारतीय ओलंपिक संघ की अध्यक्ष पी.टी. ऊषा ने कहा कि कम समय में शानदार आयोजन कर उत्तराखंड ने खेलों में नई ऊंचाई हासिल की है। खेल मंत्री रेखा आर्या ने कहा कि खिलाड़ियों ने अपने संकल्प से उत्तराखंड को खेल भूमि के रूप में स्थापित किया है।
समापन समारोह में मेघालय के मुख्यमंत्री कॉनराड संगमा, केंद्रीय राज्य मंत्री अजय टम्टा, राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट और सांसद अजय भट्ट सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित थे।